BREAKING NEWS
national

सियासत

politics

सोशल मीडिया से जुड़े मुंबई के सभी पुलिस स्टेशन, शिकायतों का होगा त्वरित समाधान"


मुंबई: दिनेश मीरचंदानी 

मुंबई पुलिस ने नागरिकों को बेहतर सेवा और पारदर्शिता प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब महानगर के हर पुलिस स्टेशन का अपना आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल होगा। इस डिजिटल पहल की घोषणा मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर ने की। इसके अंतर्गत जहां हर पुलिस स्टेशन का अलग सोशल मीडिया हैंडल होगा, वहीं मुंबई पुलिस का एक समग्र आधिकारिक हैंडल भी सक्रिय रहेगा।

इस नई प्रणाली के माध्यम से नागरिक अब अपने क्षेत्रीय पुलिस स्टेशन से सीधे सोशल मीडिया के ज़रिए जुड़ सकेंगे। हर थाने का हैंडल क्षेत्रीय घटनाओं, चेतावनियों, और जनता की समस्याओं को लेकर अपडेट साझा करेगा। इसका उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत बनाना और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना है।

अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई में मिलेगी मदद

मुंबई पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह डिजिटल मंच शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने में सहायक होगा। साथ ही यह अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आपातकालीन सूचनाएं, यातायात अवरोध, और अन्य अहम जानकारी इन हैंडल्स के माध्यम से तत्काल जनता तक पहुंचेगी। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना और मजबूत होगी।

ऐसे जुड़ें अपने क्षेत्रीय पुलिस स्टेशन से

मुंबई के हर पुलिस स्टेशन का अब अपना अलग 'एक्स' हैंडल होगा, जैसे @MumbaiPoliceZoneX। नागरिक अपने क्षेत्र के अनुसार संबंधित हैंडल को फॉलो कर सकते हैं। जैसे अगर कोई दादर पुलिस स्टेशन से जुड़ना चाहता है तो वह दादर के ज़ोन के अनुसार संबंधित हैंडल फॉलो कर सकता है।

नागरिकों की भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा

मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, गुमशुदगी या असामान्य घटना की जानकारी इन सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से दें। इससे पुलिस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर सकेगी। यह पहल न सिर्फ सुरक्षा को बढ़ाएगी, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद और पारदर्शिता को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।












"डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेकर अन्याय के खिलाफ एकजुट हों: IRS अधिकारी समीर वानखेड़े"


 






मुंबई: दिनेश मीरचंदानी 

भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के वरिष्ठ अधिकारी समीर वानखेड़े ने आज एक प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि हमें डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के सिद्धांतों को अपनाते हुए 'एकजुट हो, शिक्षित हो और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करो' के मूल मंत्र पर चलना चाहिए। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में नया जोश भर रहा है।

IRS अधिकारी समीर वानखेड़े, जिन्होंने अपने सेवा काल में ईमानदारी और निष्पक्षता की मिसाल कायम की है, ने डॉ. आंबेडकर की जयंती के अवसर पर यह संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब समाज कई प्रकार के सामाजिक और आर्थिक अन्याय का सामना कर रहा है, ऐसे में हमें डॉ. आंबेडकर के मार्गदर्शन में एकजुट होकर न्याय और समानता की दिशा में कार्य करना चाहिए।

वानखेड़े ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा को हथियार बनाकर समाज में बदलाव लाने की दिशा में कदम उठाएं और किसी भी प्रकार के भेदभाव के खिलाफ मजबूती से खड़े हों। उन्होंने कहा, "डॉ. आंबेडकर का सपना एक ऐसा भारत था जहाँ हर नागरिक को बराबरी का अधिकार मिले और कोई भी अन्याय के कारण पीछे न रह जाए। हमें उनके विचारों को न केवल याद रखना है, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात भी करना है।"

IRS अधिकारी समीर वानखेड़े का यह बयान न केवल उनके सामाजिक सरोकार को दर्शाता है, बल्कि यह देशभर में समानता और न्याय की भावना को और मजबूत करता है।












भाजपा उल्हासनगर अध्यक्ष पद की दौड़ में अमर लुंड सबसे आगे..!


 

उल्हासनगर: दिनेश मीरचंदानी 

उल्हासनगर की राजनीति में हलचल मचाने वाली बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी की उल्हासनगर इकाई में अध्यक्ष पद के लिए अमर लुंड का नाम प्रमुख दावेदार के रूप में उभरकर सामने आया है। सूत्रों की मानें तो पार्टी जल्द ही इस अहम पद को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है, और इस फैसले से उल्हासनगर की राजनीतिक दिशा व दशा दोनों बदल सकती है।

अमर लुंड न सिर्फ पार्टी के एक पुराने, समर्पित और जुझारू कार्यकर्ता रहे हैं, बल्कि उन्हें भाजपा महाराष्ट्र के कद्दावर नेता और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का पूर्ण समर्थन भी प्राप्त है। चव्हाण के बेहद करीबी माने जाने वाले लुंड ने वर्षों तक पार्टी को ज़मीनी स्तर पर मज़बूती देने का काम किया है, और संगठन में उनकी पकड़ भी काफी मजबूत मानी जाती है।

क्या उल्हासनगर भाजपा में नया अध्याय शुरू होने जा रहा है?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि अमर लुंड को उल्हासनगर भाजपा की कमान सौंपी जाती है, तो यह न केवल संगठनात्मक स्तर पर मजबूती लाएगा, बल्कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा को निर्णायक बढ़त मिल सकती है।

पार्टी में लुंड की बढ़ती स्वीकार्यता

सूत्रों के अनुसार, पार्टी के भीतर भी अमर लुंड के नाम पर सहमति बनती दिख रही है। कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि लुंड की कार्यशैली, समर्पण और नेतृत्व क्षमता उन्हें इस पद के लिए सबसे उपयुक्त बनाती है।

अब निगाहें पार्टी की आधिकारिक घोषणा पर

हालांकि अभी तक भाजपा की ओर से कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन जिस तरह से चर्चाएं तेज़ हो रही हैं, उससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि बहुत जल्द उल्हासनगर भाजपा को उसका नया अध्यक्ष मिल सकता है — और वो नाम हो सकता है अमर लुंड।

यह बदलाव उल्हासनगर की राजनीति में एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।












प्रवीण परदेशी बने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के मुख्य आर्थिक सलाहकार, मिला राज्य मंत्री का दर्जा।


मुंबई: दिनेश मीरचंदानी

सेवानिवृत्त IAS अधिकारी और मुंबई के पूर्व महानगर आयुक्त प्रवीण परदेशी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मुख्य आर्थिक सलाहकार (Chief Economic Advisor - CEA) नियुक्त किया गया है। यह एक नवगठित पद है, जिसे केंद्र सरकार के आर्थिक सलाहकार मॉडल पर आधारित किया गया है। परदेशी को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है और उनका कार्यकाल मुख्यमंत्री फडणवीस के कार्यकाल तक जारी रहेगा।

मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में प्रवीण परदेशी आर्थिक और सांख्यिकी निदेशालय तथा महाराष्ट्र रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर का संचालन करेंगे। उन्हें राज्य की 'विजन 2047' नीति के विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वे महाराष्ट्र की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में वृद्धि लाने, कर प्रणाली, श्रम, भूमि एवं वित्तीय मुद्दों पर नीति निर्माण तथा सलाह देने का कार्य करेंगे। परदेशी राज्य मंत्रिमंडल को त्रैमासिक वित्तीय रिपोर्ट भी सौंपेंगे और विभिन्न नीतिगत प्रस्तावों के वित्तीय प्रभावों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

अपने कार्यकाल में वे इलेक्ट्रिक वाहनों, MSMEs, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने की दिशा में नीति निर्माण पर विशेष ध्यान देंगे। साथ ही वे सीमा क्षेत्रों के विकास और जिला GDP पहल जैसे रणनीतिक कार्यक्रमों पर भी काम करेंगे।

प्रवीण परदेशी इससे पहले महाराष्ट्र सरकार के थिंक टैंक महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (MITRA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रह चुके हैं। वर्तमान में वे मुंबई हेरिटेज कंज़र्वेशन कमेटी के अध्यक्ष और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं।

उनके प्रशासनिक करियर में उन्होंने राज्य के वन सचिव, पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के सचिव, और मुख्यमंत्री फडणवीस के पूर्व कार्यकाल में अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवा दी है। उनकी नियुक्ति को महाराष्ट्र की आर्थिक नीति और विकास प्रक्रिया को नई दिशा देने के रूप में देखा जा रहा है।












उल्हासनगर भाजपा व्यापारी सेल की अगुवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से संवाद, व्यापारिक मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा।


उल्हासनगर: दिनेश मीरचंदानी

उल्हासनगर शहर के प्रमुख व्यापारी संगठनों ने मध्यवर्ती पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्री शंकर अवतारे से एक विशेष भेंट की, जिसमें व्यापारिक सुरक्षा, ट्रैफिक समस्याएं एवं अपराध नियंत्रण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में उल्हासनगर भाजपा व्यापारी सेल के पदाधिकारियों के साथ-साथ टू व्हीलर मार्केट एसोसिएशन, कार बाजार मार्केट एसोसिएशन, लाल साईं होजरी एसोसिएशन, बजाज ग्रुप, सोनाराबाजार के वरिष्ठ व्यापारी श्री अनिल कटेजा जी, उल्हास स्टेशन शॉपकीपर एसोसिएशन के श्री अजित चावला जी सहित अनेक व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान श्री अवतारे ने व्यापारियों को अपराध नियंत्रण के उपायों पर जागरूक किया। उन्होंने गाड़ियों की खरीद-फरोख्त में सावधानी बरतने, नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं पर भी ध्यान देते हुए व्यापारियों से सुझाव लिए और उन्हें सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।

व्यापारी भाइयों ने इस संवाद के लिए वरिष्ठ निरीक्षक श्री अवतारे जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संवाद न केवल सुरक्षा को बढ़ावा देंगे, बल्कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित करेंगे।

उल्हासनगर भाजपा व्यापारी सेल की ओर से वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे संवाद जारी रखने की आशा व्यक्त की गई।













मुख्यमंत्री सहायता निधि ने बचाई मासूम की जान: गरीब परिवार की बेटी को मिली नई ज़िंदगी।


 


अमरावती/मुंबई: दिनेश मीरचंदानी 

एक गरीब परिवार की बेटी, पूजा रसाले, जो गंभीर किडनी रोग से पीड़ित थी, उसे मुख्यमंत्री सहायता निधि की मदद से जीवनदान मिला है। पूजा की मां ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भावुक पत्र लिखकर इस अभूतपूर्व मदद के लिए हृदय से धन्यवाद प्रकट किया है।

पूजा को प्रारंभ में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन वहां के उपचार का खर्च परिजनों की आर्थिक क्षमता से कहीं अधिक था। बाद में उसे एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने बताया कि उसकी किडनी में बड़े-बड़े छेद हो चुके हैं और किडनी की कार्यक्षमता अत्यंत कम हो गई है। ऐसे में इलाज का खर्च इस आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए असंभव था।

इस कठिन परिस्थिति में परिवार को श्री अनंत पारसकर के माध्यम से मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष, जिलाधिकारी कार्यालय, अमरावती की जानकारी मिली। वहाँ के कर्मचारियों और चिकित्सकों ने परिवार को पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने न केवल सहायता निधि से संबंधित प्रक्रिया को सरल रूप में समझाया, बल्कि परिवार को हर आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई।

इस सहयोग के चलते वर्धा, सावंगी स्थित अस्पताल में महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना तथा कुछ अतिरिक्त रियायतों के माध्यम से पूजा का सफल ऑपरेशन किया गया। अब पूजा की तबियत स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है।

पूजा की मां ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष मुंबई के कक्ष प्रमुख श्री रामेश्वर नाईक, जिलाधिकारी कार्यालय अमरावती के समस्त अधिकारीगण, तथा सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने लिखा, "माननीय मुख्यमंत्री महोदय, आपके प्रयासों से मेरी बेटी की जान बच सकी है। इसके लिए मैं जीवन भर आपकी ऋणी रहूँगी।"

यह घटना न केवल सरकार की जनहितकारी योजनाओं की प्रभावशीलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि सही समय पर मिली सरकारी सहायता किसी परिवार के जीवन में चमत्कारिक बदलाव ला सकती है। मुख्यमंत्री सहायता निधि जैसे उपक्रम, ज़रूरतमंदों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।












बीजेपी में नई बिसात! प्रदीप रामचंदानी फिर संभालेंगे उल्हासनगर की कमान?


उल्हासनगर: दिनेश मीरचंदानी 

उल्हासनगर की सियासत में एक बार फिर भूचाल आने वाला है! भारतीय जनता पार्टी की उल्हासनगर इकाई में बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी जोरों पर है, और सबसे बड़ी खबर यह है कि प्रदीप रामचंदानी की पार्टी अध्यक्ष पद पर धमाकेदार वापसी हो सकती है।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व ने प्रदीप रामचंदानी को पुनः अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने का मन बना लिया है। यह फैसला न केवल रामचंदानी के पिछले सफल कार्यकाल को देखते हुए लिया जा रहा है, बल्कि उनके संगठनात्मक अनुभव, जनसंपर्क कौशल और स्थानीय राजनीति में मजबूत पकड़ को भी इसका आधार माना जा रहा है।

रामचंदानी की वापसी इसलिए अहम है:

वे वर्तमान में भी उल्हासनगर बीजेपी के अध्यक्ष हैं और पार्टी को स्थानीय स्तर पर मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

वे महाराष्ट्र बीजेपी के कद्दावर नेता व कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के बेहद करीबी माने जाते हैं, जिससे उनके नाम को और बल मिला है।

स्थानीय कार्यकर्ताओं में उनके नेतृत्व को लेकर जबरदस्त उत्साह और भरोसा है।

सूत्रों की मानें तो यह बदलाव सिर्फ पद की अदला-बदली नहीं, बल्कि 2024 के बाद की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें रामचंदानी जैसे अनुभवी नेता की भूमिका बेहद अहम होगी।

क्या कहती है गलियों की गूंज?

उल्हासनगर की गलियों और राजनीतिक गलियारों में अब बस एक ही चर्चा है – "क्या प्रदीप रामचंदानी की वापसी से बीजेपी को नई रफ्तार मिलेगी?"