BREAKING NEWS
national

भाजपा के पूर्व विधायक गणपत गायकवाड के खिलाफ नया विवाद: पूर्व शिवसेना(शिंदे) नेता महेश गायकवाड को मिली जान से मारने की धमकी।


मुंबई: दिनेश मीरचंदानी 

उल्हासनगर पुलिस थाना क्षेत्र में कुछ समय पहले भाजपा के पूर्व विधायक गणपत गायकवाड और शिवसेना नेता महेश गायकवाड के बीच विवाद पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। इस घटना में गणपत गायकवाड ने महेश गायकवाड पर गोली चलाई थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस गोलीकांड के बाद गणपत गायकवाड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

अब, इस मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। महेश गायकवाड को एक गुप्त चिट्ठी के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी अंबरनाथ के आनंदनगर में एक शादी समारोह के दौरान उन्हें दी गई। इस चिट्ठी में स्पष्ट रूप से लिखा गया था, "गणपत गायकवाड और वैभव गायकवाड का नाम मत लो, वरना तुम्हारा हाल बाबा सिद्दीकी जैसा कर दिया जाएगा।"

जेल से आई धमकी? महेश गायकवाड ने जताया शक

महेश गायकवाड का कहना है कि यह चिट्ठी जेल में इस्तेमाल होने वाले कागज और लिफाफे पर लिखी गई है, जिससे उन्हें शक है कि यह सीधे गणपत गायकवाड द्वारा ही भेजी गई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गणपत गायकवाड को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।

गायकवाड ने कहा, "गणपत गायकवाड जेल में बंद हैं, लेकिन वे 15 दिन जेल में और 15 दिन जे. जे. अस्पताल में बिताते हैं। उन्हें मेडिकल चेकअप के बहाने मुंबई घुमाया जाता है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि उन्हें किसी का संरक्षण प्राप्त है।"

सीबीआई जांच की मांग

महेश गायकवाड ने इस धमकी भरे पत्र को लेकर अंबरनाथ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे और इसके लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

गणपत गायकवाड पर पहले भी गंभीर आरोप

इससे पहले, महेश गायकवाड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गणपत गायकवाड के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि गणपत गायकवाड तळोजा जेल में कैद हैं, लेकिन मेडिकल जांच के नाम पर उन्हें बार-बार मुंबई लाया जाता है और उन्हें जेल से बाहर रहने का अवसर दिया जाता है।

यह पूरा मामला अब एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस और प्रशासन इस धमकी भरे पत्र की जांच किस दिशा में ले जाते हैं और क्या वाकई इसमें गणपत गायकवाड की कोई संलिप्तता है।










« PREV
NEXT »

कोई टिप्पणी नहीं

Facebook Comments APPID