BREAKING NEWS
national

ड्रग्स के खिलाफ डरें नहीं, शिकायत करें": IRS अधिकारी समीर वानखेड़े ने जनता को दिए अहम कानूनी अधिकारों की जानकारी।


मुंबई: दिनेश मीरचंदानी

देश में बढ़ते नशे और ड्रग्स के खतरे के बीच IRS अधिकारी समीर वानखेड़े ने आम जनता, अभिभावकों और युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज़ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने की लड़ाई केवल पुलिस या सरकारी एजेंसियों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

समीर वानखेड़े ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में ड्रग्स या नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से जुड़ी जानकारी हो, तो लोग बिना किसी डर के संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। यदि शिकायत के बावजूद किसी पुलिस थाने का वरिष्ठ अधिकारी कार्रवाई करने में टालमटोल करता है, शिकायत को गंभीरता से नहीं लेता या शिकायतकर्ता को सहयोग देने से बचता है, तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें, उनके मित्रों और दिनचर्या के बारे में जानकारी रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत संबंधित एजेंसियों को सूचित करें। समय रहते उठाया गया एक कदम किसी युवा का भविष्य बचा सकता है।

समीर वानखेड़े ने कहा कि ड्रग्स केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए इस सामाजिक बुराई के खिलाफ हर नागरिक को निर्भीक होकर आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के कारोबारियों के खिलाफ खुलकर आवाज़ उठाएं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का सहयोग करें, ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। यदि नागरिक जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं, तो देश को नशामुक्त बनाने के अभियान को नई मजबूती मिलेगी। वानखेड़े ने सभी नागरिकों से इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनने और नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।














« PREV
NEXT »

कोई टिप्पणी नहीं

Facebook Comments APPID