मुंबई: दिनेश मीरचंदानी
मुंबई प्रेस क्लब के चुनाव में 'सेव द प्रेस क्लब' पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। अध्यक्ष, चेयरमैन, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे सभी महत्वपूर्ण पदों पर इस पैनल के उम्मीदवारों ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत हासिल की। चुनाव परिणामों ने स्पष्ट संकेत दिया कि प्रेस क्लब के अधिकांश सदस्यों ने 'सेव द प्रेस क्लब' पैनल पर अपना भरोसा जताया है। वहीं, कमेटी सदस्य पदों के लिए मतगणना का कार्य अभी जारी है।
अध्यक्ष पद पर 'सेव द प्रेस क्लब' के उम्मीदवार सुरेंद्र गंगन ने 579 वोट प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उनके मुकाबले प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस के उम्मीदवार राजीव खांडेकर को 258 वोट मिले। इस चुनाव में 22 मत अमान्य घोषित किए गए।
चेयरमैन पद पर बालकृष्ण ने 508 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मयुरेश गणपत को 320 वोट मिले।
उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) पद पर धोंडिबा पांडुरंग म्हस्के ने 537 वोट प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके मुकाबले आशिष राजे को 290 वोट मिले।
सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में अनिल कुमार सिंह ने 513 वोट के साथ जीत दर्ज की, जबकि सौरभ शर्मा को 313 वोट प्राप्त हुए।
संयुक्त सचिव पद पर सुधाकर कश्यप ने 515 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी रुचा कोनालकर को 323 वोट मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर ओम प्रकाश तिवारी ने 487 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि शशांक परदे को 330 वोट मिले।
फिलहाल प्रेस क्लब की कमेटी सदस्य पदों के लिए मतगणना जारी है। प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस की ओर से आशिष राणे, अनुराग कांबले, अनीश पाटिल, ज्योत्स्ना गंगणे, गिरीश गायकवाड़, गिरीश चित्रे, स्वप्नील मिश्रा, संजय रंजीत, सचिन हराळकर और गौरव गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, 'सेव द प्रेस क्लब' पैनल की ओर से आदित्य दुबे, वैभव परब, मनीषा रेगे, अंसारी शहीद, मधु नैहान, पूनम अपराज, अनीता शुक्ला, स्वप्नील शिंदे, उमेश गोस्वामी और के. जे. बेनीयचन चुनावी मुकाबले में हैं।
मुंबई प्रेस क्लब के इन चुनाव परिणामों को मीडिया जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सभी प्रमुख पदों पर 'सेव द प्रेस क्लब' पैनल की जीत ने संगठन में उसके प्रभाव और सदस्यों के व्यापक समर्थन को दर्शाया है। अब सभी की निगाहें कमेटी सदस्य पदों की मतगणना पर टिकी हैं, जिसके बाद प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें